पटना। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के काॅल सेंटर का उद्घाटन मंत्री नीरज कुमार सिंह ने किया। इस कॉल सेंटर से पर्यावरण और इससे संबंधित अन्य जानकारी लोगों को मिलेगी। विभाग के नंबर 0612-2226911 पर कॉल करके राज्यवासी इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं।
इस मौके पर पर्यावरण मंत्री ने कहा कि इस कॉल सेंटर को स्थापित करने का उदेश्य लोगों को विभाग की गतिविधियों की प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध कराना है। साथ ही उनके सवालों का जवाब देकर पर्यावरण के प्रति जनभागीदारी भी बढ़ाना है।

कॉलसेंटर के जरिए जैव विविधता, पारिस्थितिक संरक्षण, मुख्यमंत्री निजी पौधशाला योजना, वन्यजीव संरक्षण अभियान, कृषि वानिकी कार्यक्रम और अन्य जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक ए.एन.शरण समेत विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।