मुख्य समाचार

पटना मेट्रो के डिपो का निर्माण होगा शुरू : मोदी

पटना। पटना मेट्रो रेल का निर्माण करा रहे दिल्ली मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के एमडी मंगू सिंह और निदेशक दलजीत सिंह से सांसद सुशील कुमार मोदी ने आज नई दिल्ली में मुलाकात की। मोदी ने बताया कि टेंडर होने के बावजूद पटना मेट्रो के डिपो का निर्माण कार्य 20 हेक्टेयर जमीन की कमी के कारण शुरू नहीं हो पा रहा है। 17 फरवरी, 2019 में प्रधानमंत्री के शिलान्यास के बाद अब तक पटना मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की भौतिक प्रगति एक और वित्तीय उपलब्धि मात्र 3.1 प्रतिशत है।

दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों ने सांसद को बताया कि प्रायोरिटी कॉरिडोर आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक है। इसमें 6.60 किलोमीटर एलिवेटेड का काम शुरू हो गया है। मेट्रो प्रोजेक्ट के रेल इंजन एवं कोच के रखरखाव के लिए 20 हेक्टेयर जमीन की आवश्यकता है। इसके अधिग्रहण पर राज्य सरकार करीब एक हजार करोड़ राशि खर्च करेगी। डिपो निर्माण के लिए टेंडर हो चुका है। जमीन उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

13,365.77 करोड़ की लागत से 32.487 किलोमीटर लंबी पटना मेट्रो रेल परियोजना का निर्माण दो कॉरिडोर में होना है। पहला कॉरिडोर 17.933 किलोमीटर और दूसरा 14.554 किलोमीटर है। इसके लिए जापान सरकार से 5520.93 करोड़ का ऋण भी लिया जाना है।
 


संबंधित खबरें