नई दिल्ली/पटना। भारत की पुरुष हॉकी टीम ने आज टोक्यो ओलंपिक में कांस्य (ब्राॅन्ज) पदक जीता। 41 वर्षों के बाद ओलंपिक में पुरुष हॉकी टीम ने पदक जीता है। रोमांचक मैच में भारत ने जर्मनी पर 5-4 से जीत हासिल की। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पुरुष हॉकी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
प्रधानमंत्री ने पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह, मुख्य कोच ग्राहम रीड और सहायक कोच पीयूष दुबे को बधाई दी है। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा कि “ऐतिहासिक! यह दिन हर भारतीय के लिए हमेशा यादगार रहेगा। कांस्य पदक घर लाने के लिए हमारी पुरुषों की हॉकी टीम को बधाई। इस शानदार जीत से उन लोगों ने पूरे देश का और खासतौर से हमारे युवाओं का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया है और वे जोश से भर उठे हैं। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।”
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुरुष हाॅकी टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि टीम ने ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतकर हाॅकी के खेल में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसपर हर भारतीय गौरवान्वित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टीम प्रगति के शीर्ष पर पहुंचे और भारत का नाम रोशन करते रहे। ऐसी मेरी कामना है।