नई दिल्ली/पटना। टोक्यो ओलंपिक में एथलीट नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) प्रतियोगिता में भारत के लिए पहला स्वर्ण एवं सातवां पदक जीता है। हरियाणा के लाल नीरज चोपड़ा की इस उपलब्धि पर पूरा देश गौरवान्वित है। टोक्यो ओलंपिक का समापन आठ अगस्त को हो रहा है। भारत को अब तक एक गोल्ड, दो सिल्वर एवं चार ब्राॅन्ज मिले हैं। भारत अब तक की रैंकिंग में 47वें स्थान पर है।
नीरज चोपड़ा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा टोक्यो में इतिहास रचा गया है। नीरज चोपड़ा ने आज जो उपलब्धि हासिल की है, उसे हमेशा याद रखा जाएगा। युवा नीरज ने असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने उल्लेखनीय भावना के साथ खेला और अद्वितीय धैर्य दिखाया। स्वर्ण जीतने के लिए उन्हें बधाई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। उनकी कड़ी मेहनत, जुनून और दृढ़ संकल्प ने ही आज उन्हें इस मुकाम पर पहुंचाया है। उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जिस पर पूरा देश आज गौरवान्वित है।