पटना। बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) के कौशल विकास केंद्र से कंप्यूटर प्रशिक्षित 16 लड़की एवं 10 लड़कों को कला, संस्कृति एवं युवा मंत्री डॉ आलोक रंजन ने प्रमाणपत्र सौंपा। बीआईए वर्ष 2016 से आर्थिक रूप से पिछड़े बच्चों के लिए निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। अब तक लड़कियों के 19 एवं लड़कों के 20 बैच को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 20वें एवं 21वें बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है।
इस मौके पर डॉ आलोक रंजन ने कहा कि राज्य के विकास के लिए औद्योगिकरण की प्रक्रिया को हर हाल में तेज करना होगा। आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य औद्योगिकरण के माध्यम से ही प्राप्त होगा। बिहार में औद्योगिक निवेश की प्रक्रिया को बढ़ाने के लिए सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि बाहरी निवेशक अब राज्य में निवेश में रूचि ले रहे हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष राम लाल खेतान, उपाध्यक्ष संजय भरतिया, महासचिव आशीष रोहतगी एवं मनीष तिवारी ने भी अपने विचारों को रखा।
