पटना। इथेनॉल की खरीद के लिए तेल कंपनियों के टेंडर में बिहार की प्रस्तावित इथेनॉल इकाईयों ने सबसे अधिक भाग लिया। 17 सितंबर को पूरे देश से 197 इथेनॉल इकाई टेंडर में शामिल हुईं। इनमें सर्वाधिक 29 प्रस्तावक बिहार से हैं। इन्होंने सालाना 187 करोड़ लीटर इथेनॉल सप्लाई की दावेदारी पेश की है।
उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने उद्योग संगठन लघु उद्योग भारती के वार्षिक सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिहार की इथेनॉल पॉलिसी न सिर्फ बिहार के लिए बल्कि पूरे देश के लिए मिसाल बन गई हैं।
बिहार देश के उद्योगपतियों का भरोसा जीतने में कामयाब रहा है। देश में सबसे तेज गति से निवेश प्रस्ताव हासिल करने वाले राज्यों में बिहार शामिल हो गया है। उन्होंने लघु उद्योग भारती संगठन से जुड़े सभी उद्यमियों से अपील की है कि आप उद्योग और उद्योगमंत्री के बीच सेतु का काम करें। जहां कहीं उद्योग की संभावना और परेशानी दिखे जानकारी शीघ्र मुझे दें।
इथेनॉल पॉलिसी की सफलता के बाद बिहार अब आकर्षक टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी लेकर आने वाला है। टेक्सटाइल और लेदर प्रक्षेत्र में बिहार में काफी संभावनाएं हैं। कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र प्रसाद सिंह, अखिल भारतीय अध्यक्ष बलदेव भाई प्रजापति, महामंत्री गोविंद लेले, संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र, संयुक्त महामंत्री सुधीर दाते, मंत्री काशीनाथ सिंह और संगठन से जुड़े कई उद्यमी मौजूद थेे।