मुख्य समाचार

बिहार में स्टील की खपत 36 लाख टन, उत्पादन मात्र 12 लाख टन

पटना। बिहार में स्टील उद्योग की समस्याओं के निदान को लेकर स्टील उद्योग संघ का एक प्रतिनिधिमंडल उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन से मिला। संघ ने उद्योग मंत्री से कहा कि राज्य में स्टील की वार्षिक खपत लगभग 36 लाख टन है जबकि उत्पादन मात्र बारह लाख टन है। यदि राज्य सरकार स्टील क्षेत्र के उद्योगों को अतिरिक्त प्रोत्साहन सुविधा उपलब्ध कराती है, तो अगले पांच वर्षों में स्टील का उत्पादन पांच गुना बढ़ सकता है।   

इससे राज्य में रोजगार का सृजन होगा और अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। संघ ने कहा कि राज्य सरकार से उचित सहयोग नहीं मिलने एवं अन्य राज्यों से लगातार मिल रही प्रतिस्पर्धा के कारण राज्य का स्टील उद्योग बंद होने की कगार पर है। वर्तमान माहौल में जब राज्य सरकार का पूरा ध्यान औद्योगीकरण पर है। ऐसी स्थिति में पुराने उद्योगों का बंद होना न्यायसंगत नहीं होगा।  

उद्योग मंत्री ने सभी मांगों को सुना एवं विस्तृत चर्चा के लिए एक बैठक शीघ्र करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में विनय कुमार सिंह, रमेश चंद्र गुप्त, बासु सर्राफ, संजय भरतिया एवं संजीव कनोडिया शामिल थे।

स्टील उद्योग के विकास के लिए दिए गए सुझाव : पूंजीगत अनुदान को फिर से शुरू करने, इंटरेस्ट सबवेंशन सुविधा को आकर्षक बनाने, जीएसटी प्रतिपूर्ति सुविधा को बढ़ाने, बिजली अनुदान प्रोत्साहन सुविधा शुरू करने, कच्चे माल के लिए लॉजिस्टिक हब बनाने एवं स्टील प्लांट के लिए लैंड बैंक का निर्माण।    

    
 


संबंधित खबरें