पटना। कटिहार जिला के कुम्हरी गांव (कदवा प्रखंड) के शुभम कुमार ने यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में टॉप किया है। इस सफलता पर पूरा बिहार गौरवान्वित है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने शुभम कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को सिविल सेवा 2020 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया। आयोग ने जनवरी 2021 में मुख्य परीक्षा एवं अगस्त-सितंबर में साक्षात्कार लिया था। सिविल सेवा परीक्षा में 761 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने बधाई संदेश में कहा कि शुभम कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल कर न केवल बिहार का मान बढ़ाया है बल्कि पूरे देश को भी गौरवान्वित किया है। इससे बिहार के युवाओं को और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। वर्तमान में बिहार के विकास आयुक्त आमिर सुबहानी ने भी वर्ष 1987 में संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में सर्वोच्च स्थान हासिल किया था। वह सीवान के निवासी हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार प्रतिभाओं की धरती रही है। आज फिर एक बार बिहार और कटिहार गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने शुभम कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बिहार एवं देश की तरक्की में उनकी उत्कृष्ट सेवा का लाभ मिलेगा।
