पटना। मुख्यमंत्री उद्यमी योजनाओं की समीक्षा के दौरान उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि लाभार्थियों के चयन में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हो। ऐसी व्यवस्था बने कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो। चयन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराएं। अभ्यर्थियों को भी इसकी जानकारी मिले कि उनका आवेदन चयनित या अस्वीकृत किस आधार पर हुआ है।
विभागीय समीक्षा बैठक के बाद उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजनाओं के साथ बिहार के युवाओं की बड़ी उम्मीद जुड़ी हुई है। इस साल 8000 लाभार्थियों के चयन लक्ष्य के विरुद्ध 62,324 आवेदन मिले हैं। यदि किसी ने ठगी या गड़बड़ी करने की कोशिश, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधकों को भी निर्देश मिला है कि दिसंबर तक पहले से चल रही दो मुख्यमंत्री उद्यमी योजनाओं में चयनित उद्यमियों का बकाया किस्त उपलब्ध करा दें। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।