पटना/नई दिल्ली। भारत ने कोरोना टीकाकरण के 100 करोड़ (एक अरब) के महत्वपूर्ण आंकड़े को पार कर लिया। इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं कई केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को बधाई दी है।
राष्ट्रपति ने बिहार विधानसभा भवन के शताब्दी समारोह के दौरान पटना में कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। जहां एक ओर बिहार विधानसभा भवन का शताब्दी समारोह मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर देश ने कोरोना टीकाकरण के 100 करोड़ के आंकड़े को छू लिया है।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट के जरिए देश की 130 करोड़ जनता को बधाई दी है। उन्होंने इस शानदार उपलब्धि की दिशा में कार्य करने के लिए देश के वैज्ञानिक, स्वास्थ्य पेशेवर एवं अन्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया समेत कई मंत्रियों ने भी इस उपलब्धि पर देश को बधाई दी है।