पटना। कुशेश्वरस्थान (सुरक्षित) और तारापुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का दबदबा बना रहा। कुशेश्वरस्थान से जदयू के अमन भूषण हजारी 12695 और तारापुर से राजीव कुमार सिंह 3852 मतों से विजयी रहे। जदयू उम्मीदवारों ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के गणेश भारती और अरुण कुमार को शिकस्त दी।
कुशेश्वरस्थान से जदयू के अमन भूषण हजारी को 59887 वोट जबकि आरजेडी के गणेश भारती को 47192 वोट मिले। लोजपा (राम विलास) की अंजू देवी ने 5623 और कांग्रेस के अतिरेक कुमार ने 5603 मत हासिल किए।
तारापुर से जदयू के राजीव कुमार सिंह को 79090 वोट, आरजेडी के अरुण कुमार को 75238, लोजपा (राम विलास) के कुमार चंदन को 5364 और कांग्रेस के राजेश मिश्रा को 3590 वोट मिले।
30 अक्टूबर को दोनों सीट के लिए उपचुनाव हुआ था। कुशेश्वरस्थान में 49 प्रतिशत और तारापुर में 50.05 प्रतिशत वोट पड़े थे। 2020 के विधानसभा चुनाव में भी दोनों सीटों पर जदयू प्रत्याशियों ने जीत हासिल की थी। कुशेश्वरस्थान से जदयू के शशि भूषण हजारी और तारापुर से मेवालाल चौधरी विजयी हुए थे। दोनों विधायकों के निधन के कारण ये सीट रिक्त थीं। उपचुनाव में विजयी रहे अमन भूषण हजारी पूर्व विधायक शशि भूषण हजारी के पुत्र हैं।