मुख्य समाचार

सशस्त्र सीमा बल ने मनाया 58वां स्थापना दिवस

पटना। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सीमांत मुख्यालय में 58वां स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। सीमांत मुख्यालय पटना के 78 कर्मियों को उनके उत्कृष्ट और साहसिक कार्य के लिए महानिदेशक अलंकरण एवं प्रशस्तिपत्र दिया गया। पटना सीमांत मुख्यालय की 16वीं वाहिनी जमुई को सर्वश्रेष्ठ बटालियन, नारकोटिक्स जब्ती एवं नागरिक कल्याण कार्यक्रम के क्षेत्र में ट्रॉफी दी गई।

पांच कर्मियों को स्वर्ण डिस्क एक स्टार, पांच को स्वर्ण डिस्क एवं 68 को सिल्वर डिस्क मिला है। नक्सल विरोधी अभियान, भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद करने और बल का मान बढ़ाने में सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी एवं जवानों को महानिदेशक अलंकरण तथा प्रशस्ति पत्र दिया जाता है।

इस अवसर पर डीआईजी कुमार चंद्र विक्रम ने बलकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि हर परिसर हरा परिसर के नारा के तहत बिहार सरकार के सहयोग से 3,37,668 पौधों का रोपण इस वर्ष किया गया है। पटना सीमांत मुख्यालय परिसर को प्लास्टिक मुक्त जोन बनाया गया है। 2021 में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत नक्सल प्रभावित क्षेत्र एवं भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में 52 चिकित्सा एवं 20 पशु चिकित्सा शिविर भी लगाए गए।


 


संबंधित खबरें