भागलपुर । बरारी औद्योगिक क्षेत्र में राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय कार्यालय सह प्रयोगशाला भवन के निर्माण का शिलान्यास पर्यावरण एवं वन मंत्री नीरज कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पर्षद के क्षेत्रीय कार्यालय सह प्रयोगशाला भवन के निर्माण होने से क्षेत्र के उद्यमियों को काफी सहूलियत होगी। साथ ही रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के सदस्य सचिव एस. चंद्रशेखर ने बताया कि निर्माण के लिए बियाडा ने 16000 वर्गफीट जमीन उपलब्ध करायी है। निर्माण की अनुमानित राशि छह करोड़ 93 लाख है। कार्यक्रम में भागलपुर नगर निगम की मेयर सीमा साहा भी मौजूद थीं।
फ्लाई ऐश के उपयोग पर जोर : शिलान्यास समारोह के बाद पर्यावरण मंत्री ने कहलगांव थर्मल पावर प्लांट के फ्लाई ऐश के पूरी तरह उपयोग के लिए निर्माण संघ के साथ एक बैठक की। उन्होंने कहा कि ईंट निर्माण एवं अन्य उत्पादों में फ्लाई ऐश के उपयोग को बढ़ावा दें। इससे पारंपरिक ईंट पर निर्भरता कम होगी और मिट्टी का संरक्षण होगा। बैठक में कहलगांव थर्मल पावर प्लांट के जीएम भी मौजूद थे।