पटना। बिहार की सभी ज्वेलरी दुकानें 24 जनवरी की दोपहर दो बजे तक बंद रहेंगी। सभी व्यवसायी डीएम को ज्ञापन देकर विरोध प्रकट करेंगे। बाकरगंज के एसएस ज्वेलर्स में 21 जनवरी को हुई 14 करोड़ की लूट के विरोध में बंद का आह्वान किया गया है। राष्ट्रीय स्तर के ज्वेलरी संगठन एआईजेजीएफ ने बिहार के ज्वेलर्स से अनुरोध किया है कि सभी अपनी दुकानें बंद कर एकता का परिचय दें।
ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्ड स्मिथ फेडरेशन (एआईजेजीएफ) एवं कैट की बिहार इकाई के अध्यक्ष अशोक सोनार एवं महासचिव प्रेम कुमार गुप्ता ने कहा कि बिहार की ज्वेलरी की सभी दुकानें 24 जनवरी की दोपहर दो बजे तक बंद रहेंगी। संगठन ने 22 जनवरी को ही घोषणा की थी कि यदि 23 जनवरी तक लूटे गए आभूषणों की बरामदगी नहीं हुई, तो बंद का आह्वान किया जाएगा।
कैट चेयरमैन कमल नोपानी ने भी कहा कि ज्वेलर्स का माल बरामद नहीं होना दुखद है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश नंदन ने कहा कि माल बरामद नहीं होने से व्यापारियों के हौसले पस्त होते हैं। संयुक्त महासचिव आरसी मल्होत्रा ने कहा कि अपराधियों के निशाने पर व्यापारी हैं। हमें पूरी सुरक्षा मिलनी चाहिए।