पटना/नई दिल्ली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी को आश्वस्त किया है कि ग्रुप डी की भर्ती में दो की जगह अब एक परीक्षा होगी। एनटीपीसी परीक्षा के 3.5 लाख अतिरिक्त रिजल्ट एक छात्र-यूनिक रिजल्ट के आधार पर घोषित किए जाएंगे।
रेलमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि सरकार छात्रों से सहमत है और उनकी मांग के अनुरूप ही निर्णय जल्द जारी किए जाएंगे। सुशील मोदी ने लाखों अभ्यर्थियों की परेशानी और उनकी मांगों से रेल मंत्री वैष्णव को विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि एनटीपीसी के मामले में वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट के सिद्धांत पर निर्णय होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड ने यदि समय पर छात्रों के भ्रम को दूर कर दिया होता, तो बिहार में ऐसी अप्रिय स्थिति नहीं पैदा होती। मोदी ने राज्य के पुलिस प्रशासन से अपील की है कि छात्रों पर कोई दमनात्मक कार्रवाई न की जाए। छात्र कोई अपराधी नहीं हैं। उन्होंने छात्रों से संयम बरतने की अपील की ताकि रेलवे बोर्ड मामले के सभी पहलुओं की जांच कर परीक्षार्थियों के हित में फैसला कर सके।