नई दिल्ली/पटना। केंद्रीय वस्त्र, महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने व्यापारियों को कोविड वारियर्स के समकक्ष बताते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग ने हर विषम परिस्थिति में देश का साथ दिया है। उन्होंने उन व्यवसायियों के दस्तावेजीकरण का आह्वान किया, जिन्होंने आर्थिक, धार्मिक, शिक्षा या अन्य किसी क्षेत्र में देश की सेवा की है। भारत के व्यापारियों के पास देश की सेवा करने की विरासत है। भामाशाह और लाला लाजपत राय समेत कई लोगों को उन्होंने याद किया।
केंद्रीय मंत्री दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहीं थीं। आयोजन कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने किया है। सम्मेलन में जीएसटी कर प्रणाली की जटिलता, ई-कॉमर्स कंपनियों की नीति एवं देश में डेटा सुरक्षा क़ानून की कमी पर चर्चा होगी। बिहार से कैट के अशोक वर्मा एवं महासचिव रमेश गांधी शिरकत कर रहे हैं।
स्मृति ईरानी ने व्यापारी समुदाय को जागरूक करने और व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन में नए तरीके अपनाने के लिए कैट की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कारोबारियों से डिजिटल इंडिया मिशन के तहत अपने मौजूदा व्यापार मॉडल को उन्नत और आधुनिक बनाने का आह्वान किया।