अबूधाबी/दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में छह सदस्यीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंचा। दल में राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी भी शामिल हैं।
सुशील कुमार मोदी ने बताया कि यूएई पहला मुस्लिम देश है, जहां 500 करोड़ की लागत से 160 फीट ऊंचा मंदिर बन रहा है। इसके लिए अबूधाबी के क्राउन प्रिंस ने 27 एकड़ जमीन निःशुल्क दी है। 2024 में अयोध्या के साथ अमीरात में भी मंदिर निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
क्राउन प्रिंस ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मंदिर की 13 एकड़ जमीन में तीन हेलीपैड और 1200 गाड़ियों के लिए पार्किंग अबूधाबी सरकार अपने खर्च से बनाएगी। अबूधाबी के एक वरिष्ठ मंत्री ने मंदिर शिलान्यास के दौरान ईंट रखी थी।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने क्राउन प्रिंस के प्रति आभार प्रकट किया। मंदिर स्थल पर जाकर निर्माण कार्य देखा और वहां ईंट रखी। अमीरात की तरह बहरीन की सरकार ने भी हिंदू मंदिर के लिए जमीन दान की है।
