मुख्य समाचार

रग्बी खेल में राष्ट्रीय चैंपियन बनी बिहार टीम पुरस्कृत

पटना। रग्बी फुटबॉल राष्ट्रीय सब जूनियर (अंडर-14 बालक-बालिका) प्रतियोगिता में बिहार टीम के शानदार प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें सम्मानित किया। बालिका एवं बालक दोनों वर्ग में पहले स्थान पाने पर मुख्यमंत्री ने विधानमंडल के विस्तारित भवन में टीम को ढाई-ढाई लाख रुपए का चेक दिया। प्रतियोगिता का आयोजन पांच एवं छह मार्च को सिकंदराबाद में हुआ था।

मुख्यमंत्री ने चैंपियन खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खूब आगे बढ़ें और देश में टॉप करते रहें। उन्होंने कहा कि राज्य में खेल विश्वविद्यालय का निर्माण हो रहा है, इसमें खिलाड़ी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से रग्बी के लिए एकलव्य सेंटर खोलने की मांग की। सीएम ने इस संबंध में अधिकारियों को समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया।

रग्बी की विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बिहार के खिलाड़ी 2015 से लगातार पदक प्राप्त कर रहे हैं। बिहार के रग्बी खिलाड़ियों का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बिहार के कई खिलाड़ियों ने अपना स्थान बनाया है।

इस अवसर पर कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री आलोक रंजन, विभाग की सचिव बंदना प्रेयसी, खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण एवं रग्बी खेल संघ के सचिव पंकज ज्योति मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें