पटना। औद्योगिक इकाईयों के दस्तावेजों पर लगने वाले निबंधन एवं स्टांप शुल्क पर शतप्रतिशत छूट देने संबंधित राज्य सरकार के निर्णय का बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) ने स्वागत किया है। संध ने इस निर्णय के लिए उद्योग विभाग को धन्यवाद दिया है।
बीआईए के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने कहा कि एसोसिएशन इस मांग को लंबे समय से राज्य सरकार के समक्ष रख रहा था। यह खुशी की बात है कि राज्य सरकार ने हमारे सुझाव पर विचार करते हुए औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया। इस निर्णय से उद्यमियों की जो पूंजी निबंधन एवं स्टांप शुल्क में फंस जाती थी, वह अब औद्योगिक इकाईयों की स्थापना में मददगार होगी। इससे राज्य में निवेश बढ़ेगा और रोजगार सृजन होगा। महासचिव आशीष रोहतगी ने भी सरकार के निर्णय की सराहना की।
