नई दिल्ली/पटना। सिकंदराबाद (तेलंगाना) के भोइगुड़ा में एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लगने से बिहार के 11 श्रमिकों की मौत हो गई। घटना 22 मार्च की देर रात की है। मृतक छपरा और कटिहार जिलों सेे हैं।
घटना के समय 12 लोग गोदाम में सो रहे थे। एक श्रमिक बाहर निकले में सफल रहा। आग की लपट इतनी तेज थी कि इस पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड को करीब चार घंटे लग गए। आग लगने के कारण की जांच की जा रही है।
प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया शोक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्रमिकों की मौत पर गहरी शोक संवदेना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री ने पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से मृतक के निकटतम परिजनों को दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपए अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है। सीएम ने स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली को निर्देश दिया है कि तेलंगाना सरकार से आवश्यक समन्वय बनाकर मृतकों के पार्थिव शरीर को बिहार लाने की समुचित व्यवस्था करें।