पटना। दिल्ली हाट के तर्ज पर बिहार हाट बनाने की कोशिश होगी। अगले साल से बिहार दिवस के सारे कार्यक्रम बिहार हाट में ही आयोजित किए जाएंगे। उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने बिहार दिवस पर गांधी मैदान में लगे उद्योग मंडप देखने के बाद यह घोषणा की। उन्होंने पद्मश्री दुलारी देवी से मिलकर उनके हुनर की प्रशंसा की।
उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार दिवस बिहार के साथ देश के दूसरे हिस्सों में भी धूमधाम से मनाया गया। पटना में प्रदर्शनी के लिए बिहार के खादी, हथकरघा और हस्तशिल्प कारीगरों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। दिल्ली हाट में 31 मार्च तक प्रदर्शनी लगी है। इसमें बिहार के बने बेहतरीन उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
