पटना। गांधी मैदान के समीप स्थित उद्योग भवन में जीरो लैब का शुभारंभ उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने किया। इस मौके पर बिहार में स्टार्टअप्स को मजबूती देने के लिए दो बड़ी घोषणाएं भी की गईं ।
पहला फ्रेजर रोड स्थित बिहार स्टेट फाइनेंस कॉर्पाेरेशन (बीएसएफसी) भवन स्टार्ट अप टॉवर के रूप में विकसित होगा। दूसरा बिहार में निवेश को बढ़ावा देने के लिए इंदिरा भवन को छोटे, मझौले और बड़े उद्योग के लिए इन्वेस्टमेंट हब के रूप में विकसित किया जाएगा।
उद्योग मंत्री ने कहा कि जीरो लैब आईआईटी पटना और बियाडा की ओर से बिहार के युवाओं को तोहफा है। जीरो लैब से युवाओं को कई सुविधाएं मिलेंगी।
स्टार्टअप के बिजनेस आइडिया को सफल बिजनेस आइडिया में तब्दील करने, बिहार सरकार की स्टार्टअप पॉलिसी के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी एवं सफल स्टार्टअप से मार्गदर्शन दिलाने की सुविधाएं जीरो लैब में बिहार के युवाओं को मिलेंगी। जीरो लैब में बिहार के युवा उद्यमी रजिस्ट्रेशन कर ट्रेनिंग भी ले सकते हैं। इससे उन्हें स्टार्टअप के सफल संचालन में मदद मिलेगी।
उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार के युवा देश के कई बड़े सफल स्टार्टअप को चला रहे हैं। बिहार के युवाओं में क्षमता की कोई कमी नहीं है। उन्हें बढ़िया माहौल और सपोर्ट की जरूरत है। इसके लिए राज्य सरकार और उद्योग विभाग सदैव तैयार है।
बीएसएफसी भवन में बनने वाले स्टार्टअप टॉवर में युवाओं को जगह दी जाएगी ताकि वेे अपने पैरों पर खड़े हो सकें। इंदिरा भवन में बनने वाला इन्वेस्टमेंट हब भी इसी मकसद से शुरू होगा। इससे किसी भी निवेशक को अपने काम के लिए एक जगह से दूसरी जगह जाने की जरूरत नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि निवेशकों का अधिकतर काम ऑनलाइन ही हो जाए। इंदिरा भवन आने पर छोटे-बड़े सभी निवेशकों को रेड कार्पेट वेल्कम मिलेगा। यहां मौजूद अधिकारी उनकी पूरी मदद करेंगे। इस मौके पर उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पौंड्रिक एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।