मुख्य समाचार

पूर्णिया इथेनॉल यूनिट की प्रतिदिन उत्पादन क्षमता 65 हजार लीटर

पूर्णिया। पूर्णिया में देश के पहले ग्रीनफील्ड ग्रेन बेस्ड इथेनॉल प्लांट का शुभारंभ 30 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। इस्टर्न इंडिया बायोफ्यूल्स प्रा. लि. ने पूर्णिया के परोरा में प्रतिदिन 65 हजार लीटर उत्पादन क्षमता की यूनिट लगाई है। इसकी लागत 105 करोड़ है। प्लांट के शुभारंभ के मौके पर उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह एवं पूर्णियां सांसद संतोष कुशवाहा भी मौजूद रहेंगे।

इस्टर्न इंडिया बायोफ्यूल्स प्लांट की जरूरत को पूरा करने के लिए प्रतिदिन 145 से 150 टन चावल या मक्के की जरूरत होगी। तैयार इथेनॉल को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम खरीदेंगी। इसके लिए तेल कंपनियों से 10 साल का करार हुआ है। प्लांट से प्रतिदिन 27 टन पशु चारा भी तैयार होगा।

उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि इथेनॉल उद्योग बिहार के युवाओं के लिए रोजगार की उम्मीद पूरी करेगा। साथ ही राज्य के किसानों की आमदनी में भी वृद्धि होगी। बिहार देश का इथेनॉल हब बनने की राह पर तेजी से बढ़ रहा है।

बिहार इथेनॉल पॉलिसी 2021 के बाद राज्य में लग रही 17 यूनिट में पहली ग्रीनफील्ड ग्रेन बेस्ड इथेनॉल इकाई ने उत्पादन शुरू कर दिया है। शीध्र तीन और इथेनॉल यूनिट का शुभारंभ गोपालगंज और आरा में होगा।

 


संबंधित खबरें