मुख्य समाचार

किशनगंज में अनमोल बिस्किट फैक्ट्री का काम शुरू, लागत 173 करोड़

किशनगंज। जिले के ठाकुरगंज में अनमोल इंडस्ट्रीज की बिस्किट फैक्ट्री का काम शुरू हो गया है। यूनिट की लागत 173 करोड़ है। इससे करीब सात-आठ सौ लोगों को रोजगार मिल सकेगा। नेपाल, भूटान, बांग्लादेश एवं म्यांमार (बर्मा) देशों के बेहद करीब होने के कारण ठाकुरगंज-गलगलिया औद्योगिक क्षेत्र में बड़े उद्योग लग रहे हैं।

इस औद्योगिक क्षेत्र का दौरा करने के बाद उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने बताया कि किशनगंज को अनमोल इंडस्ट्रीज की तरफ से बड़ी सौगात मिली है। यहां और भी कई यूनिट लग रहीं हैं। साथ ही पुरानी यूनिट का विस्तार हो रहा है।

ठाकुरगंज-गलगलिया औद्योगिक क्षेत्र में 108 करोड़ की लागत से मक्के से स्टार्च बनाने की बिहार की पहली फैक्ट्री चल रही है। 67 करोड़ की लागत से इसका क्षमता विस्तार हो रहा है। शीघ्र इसकी क्षमता 300 टन से बढ़कर 600 टन हो जाएगी। पूर्णिया प्रमंडल में किशनगंज उद्योग क्षेत्र में तेजी से बढ़ने वाला जिला बन रहा है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि किशनगंज में 23 यूनिट की स्थापना के लिए 2377 करोड़ के निवेश प्रस्ताव आए हैं। चंपारण में जिस तरह मेगा टेक्सटाइल हब की तैयारी चल रही है, उसी तरह किशनगंज में लेदर पार्क बनेगा। अनानास प्रोसेसिंग एवं चाय उद्योग की भी यहां काफी संभावनाएं हैं। सभी संभावनाओं को देखते हुए यहां तेजी से काम हो रहा है।

 


संबंधित खबरें