नई दिल्ली। पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत दी जाने वाली सुविधाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मई को जारी करेंगे। स्कूल जाने वाले बच्चों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन की पासबुक और आयुष्मान भारत योजना (प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना) का स्वास्थ्य कार्ड मिलेगा।
पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना 29 मई, 2021 को शुरू की गई थी। कोविड-19 महामारी की वजह से 11 मार्च 2020 से 28 फरवरी 2022 की अवधि के दौरान अपने माता-पिता या कानूनी अभिभावक या दत्तक माता-पिता खोने वाले बच्चों के लिए यह योजना है।
योजना का उद्देश्य बच्चों के रहने एवं खाने की व्यवस्था, शिक्षा एवं छात्रवृत्ति के माध्यम से सशक्त बनाना एवं आत्मनिर्भर अस्तित्व के लिए 23 वर्ष की आयु होने पर दस लाख रुपए की वित्तीय सहायता देना है। साथ ही स्वास्थ्य बीमा के माध्यम से व्यापक देखभाल और सुरक्षा प्रदान करना भी है।
बच्चों के पंजीकरण के लिए pmcaresforchildren.in एक पोर्टल है। यह पोर्टल बच्चों के लिए अनुमोदन की प्रक्रिया एवं अन्य सभी सहायता प्रदान करती है।