पटना। राज्य सरकार के पूर्व मंत्री रमई राम का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा। पटना के एक निजी हॉस्पिटल में गुरुवार को उनका निधन हो गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने पूर्व मंत्री के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि रमई राम राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों में लंबे समय तक मंत्री रहे। मेरे साथ मंत्री पद की जिम्मेदारी का उन्होंने कुशलतापूर्वक निर्वहन किया था। मुजफ्फरपुर के बोचहां (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे। वे नौ बार विधायक रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनसे हमारा पुराना रिश्ता था। उनके निधन से मैं मर्माहत हूं। मुख्यमंत्री ने रमई राम की पुत्री गीता कुमारी से बात कर उन्हें सांत्वना दी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रमई राम एक समाजवादी नेता थे। वे वंचित वर्गों की आवाज थे। बिहार सरकार में मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण सेवाएं दी। वे आजीवन जन सरोकार के मुद्दों के प्रति समर्पित रहे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक जगत में अपूरणीय क्षति हुई है।