पटना। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि महागठबंधन सरकार दस लाख युवाओं को नौकरी देने और किसानों का कर्ज माफ करने के वादे से पीछे हट रही है। 2020 विधानसभा चुनाव में 10 लाख लोगों को कैबिनेट की पहली बैठक में नौकरी देने के वादे पर राजद को इतनी सीटें मिली थीं। अब कैबिनेट की पहली बैठक में यह फैसला क्यों नहीं हुआ ?
मोदी ने कहा कि तेजस्वी प्रसाद यादव कह रहे हैं कि उन्होंने मुख्यमंत्री बनने पर यह वादा पूरा करने की बात कही थी, जबकि वास्तविक मुख्यमंत्री अब वही हैं। जिनके नेतृत्व में महागठबंधन के सबसे ज्यादा 114 विधायक नीतीश सरकार को समर्थन दे रहे हैं, वे ही डी-फैक्टो सीएम हैं।
नौकरी के सवाल पर मुख्यमंत्री जी सिर्फ प्रयास करने की बात करते हैं और उनके डिप्टी सीएम 10 लाख का आंकड़ा भी भूल गए। वे अब दबी जुबान से लोगों को नौकरी देने का जिक्र करते हैं। सुशील मोदी ने कहा कि भाजपा विपक्ष की भूमिका पूरी गंभीरता से निभाएगी और नौकरी के वादे पर सरकार को घेरेगी।