पटना। बिहार में नगर निकाय चुनाव की घोषणा राज्य निर्वाचन आयोग ने कर दी है। 224 नगर पालिकाओं में चुनाव दो चरणों में होगा। पहले चरण के 144 निकायों के लिए वोटिंग 10 अक्टूबर को और मतगणना 12 अक्टूबर को होगी। 20 अक्टूबर को 80 निकायों के लिए दूसरे चरण की वोटिंग और मतगणना 22 अक्टूबर को होगी। इसके साथ ही चुनाव आचार संहिता भी लागू हो गई।
राज्य निर्वाचन आयुक्त दीपक प्रसाद ने बताया कि 224 नगर पालिकाओं में 1,14,52,759 मतदाता वोट डालेंगे। बिहार में नगर निकायों की संख्या बढ़कर 261 हो गई है। इस वर्ष 248 नगर निकायों के लिए चुनाव होंगे। शेष 13 में चुनाव अगले वर्ष होगा।
224 नगर निकायों के लिए जारी चुनाव कार्यक्रम में 10 अक्टूबर और 20 अक्टूबर को मतदान होगा। इनमें 17 नगर निगम, 70 नगर परिषद और 137 नगर पंचायत शामिल हैं।
पहले चरण में 68 नगर परिषद और 88 नगर पंचायत हैं। दूसरे चरण में 17 नगर निगम, दो नगर परिषद और 49 नगर पंचायतों में मतदान होगा। विस्तृत सूची आयोग की वेबसाइट http://sec.bihar.gov.in/ पर देख सकते हैं।
24 नगर निकायों में चुनाव तीसरे चरण में होगा। इसकी अधिसूचना बाद में जारी की जाएगी। बिहार के 261 नगर निकायों में 19 नगर निगम, 88 नगर परिषद और 154 नगर पंचायत हैं।
