पटना। नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएमसीएच) के सुपरिटेंडेंट डॉक्टर विनोद कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। कार्य में लापरवाही एवं विभागीय निर्देशों की अवहेलना के कारण यह कार्रवाई हुई है।
डिप्टी सीएम सह स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव ने कल देर रात (13 अक्टूबर) एनएमसीएच का औचक निरीक्षण किया था। उनके साथ अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत एवं कई अधिकारी भी थे। इस दौरान कई अनियमितताएं मिलीं।

स्वास्थ्य मंत्री ने डेंगू वार्ड में भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डेंगू वार्ड में सामान्य मरीज भी भर्ती मिले। सफाई की स्थिति पहले से बेहतर हुई है। दवा उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को दवा नहीं मिल रही है। उन्हें बाहर से दवा लानी पड़ रही है। डॉक्टर-नर्स का व्यवहार एवं इलाज में लापरवाही की शिकायत मिली।
