किशनगंज/पटना। किशनगंज जिले की सातवीं कक्षा के प्रश्नप्रत्र में कश्मीर को अलग देश बताया गया है। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद की अर्धवार्षिक परीक्षा में छात्रों से पूछा गया कि चीन, नेपाल, इंग्लैंड, कश्मीर और भारत देश में रहने वालों को क्या कहते हैं। पचास अंक के अंग्रेजी विषय का यह सबसे पहला प्रश्न है।
कश्मीर को अलग देश बताये जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शिक्षा विभाग ने प्रश्नप्रत्र को लेकर जांच का आदेश दिया है। शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि डीएम के स्तर पर जांच हो रही है। इसके बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। इसे चूक नहीं माना जाएगा। इस मामले में जो भी दोषी होंगे, उनपर कार्रवाई होगी।
पूर्व उपमुख्यमंत्री सह विधानसभा लोक लेखा समिति के सभापति तारकिशोर प्रसाद ने आपत्तिजनक प्रश्न पूछे जाने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि कश्मीर अलग देश नहीं, बल्कि भारत का अभिन्न अंग है। ऐसे प्रश्नों को परीक्षा में पूछा जाना महागठबंधन सरकार और अधिकारियों की राष्ट्र विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने घटना की गहन जांच की मांग की है।
