पटना। बिहार विधानसभा की मोकामा और गोपालगंज सीट के लिए उपचुनाव शांति पूर्वक संपन्न हो गया। मतदान का प्रतिशत 52.46 रहा। मोकामा विधानसभा क्षेत्र से 53.45 और गोपालगंज क्षेत्र से 51.48 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
2020 में हुए आम चुनाव की तुलना में इस बार दोनों सीट पर मतदाताओं का उत्साह कम दिखा। 2020 में मतदान का प्रतिशत 54.52 था। मतगणना छह नवंबर को होगी।
मोकामा से छह और गोपालगंज से नौ प्रत्याशी हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला बीजेपी और महागठबंधन में है। 2020 आम चुनाव में मोकामा सीट आरजेडी और गोपालगंज सीट बीजेपी को मिली थी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मतदान के दौरान मोकामा विधानसभा क्षेत्र से 14 और गोपालगंज से एक शिकायतें मिलीं। जांच के बाद सभी शिकायतों का निपटारा किया गया।
मोकामा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 46 पर तैनात एक कर्मी की मृत्यु ह्रदय गति रुक जाने से हो गई। नियमानुसार मृतक के परिजन को अनुग्रह अनुदान दी जाएगी।