पटना। वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी का कहना है कि कुढ़नी उपचुनाव का नतीजा अप्रत्याशित रहा है। प्रारंभिक तौर पर लगता है कि सरकार की उपलब्धियों से अलग इस उपचुनाव में स्थानीय मुद्दे हावी रहे।
चुनाव अभियान के क्रम में हर जगह नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना मिल रही थी। साथ-साथ हर वर्ग के लोगों में महागठबंधन की स्वीकार्यता भी दिखती थी। कहीं-कहीं पंचायत स्तर के मुद्दों पर थोड़ी नाराजगी दिखी, लेकिन लगता था कि लोग राज्य हित को प्राथमिकता देंगे एवं मतदान जदयू के पक्ष में करेंगे।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन इस नतीजे की समीक्षा करेगा और मतदाताओं के इस फैसले के कारणों का भी विश्लेषण करेगा। फिर पूरे चुनाव अभियान में एक बात स्पष्ट थी कि लोगों को गठबंधन अथवा नेतृत्व से नाराजगी नहीं है। इस आलोक में महागठबंधन आगे की कार्य योजना बनाएगा।
जहां तक पूरे देश में हुए चुनाव के नतीजे का प्रश्न है, तो हिमाचल प्रदेश में हार के बाद भाजपा शासित प्रदेशों की संख्या एक घट गई है। यह भाजपा के लिए अच्छा संकेत नहीं है।