पटना। राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि विधानसभा के बजट सत्र के बाद देश की यात्रा पर निकलने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 300 करोड़ रुपये के 12 सीटर जेट विमान का इंतजार कर रहे हैं। यह विमान बिहार जैसे गरीब राज्य के पैसे से खरीदा जाना है।
मोदी ने कहा कि जब नीतीश कुमार को कोई नेता नहीं मान रहा है। कोई राज्य उन्हें बुला नहीं रहा है, तब वे जेट विमान से जाएंगे कहां ? दिल्ली में केजरीवाल, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और तेलंगाना में केसीआर, नीतीश कुमार को नेता नहीं मान रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव और मायावती कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ने को तैयार नहीं हुए। जब नीतीश कुमार की विपक्षी एकता की मुहिम फ्लॉप हो चुकी है, तब वे देश भर की यात्रा पर क्यों जाना चाहते हैं? नीतीश कुमार विरोध के डर से अपनी समाधान यात्रा के दौरान कोई सभा नहीं करने वाले हैं। वे जनता से दूर रह कर केवल बंद कमरों में अफसरों से बात करेंगे।