मुख्य समाचार

रोजगार मेला के तीसरे चरण में 71,000 को मिला नियुक्ति पत्र

पटना/नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्तर पर रोजगार मेला के तीसरे चरण में केंद्र सरकार के विभिन्न विभागोें में भर्ती 71,000 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी को बधाई दी। पटना के अधिवेशन भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह मौजूद रहे। इस मौके पर बिहार से 382 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिला।   

प्रधानमंत्री ने बिहार के एक दिव्यांग राजू कुमार से बातचीत की। उनकी नियुक्ति रेलवे में जूनियर इंजीनियर के पद पर हुई है। राजू ने और आगे बढ़ने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि वह यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा के लिए प्रयास करेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 का यह पहला रोज़गार मेला है, जो 71,000 परिवारों के लिए सरकारी रोज़गार का कीमती उपहार लेकर आया है। आने वाले दिनों में लाखों नए परिवारों को सरकारी नौकरियां दी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि व्यापार और उद्योग की दुनिया में कहावत है कि उपभोक्ता हमेशा सही होता है। उसी तरह नागरिक हमेशा सही होता है। इस आधार को प्रशासन में लागू करना चाहिए। यह सेवा की भावना को जन्म देता है। उम्मीद है कि नवनियुक्त अभ्यर्थी सरकार के प्रत्यक्ष प्रतिनिधि के रूप में आम जनता के साथ बातचीत करेंगे।

पटना में रोजगार मेला के दौरान गिरिराज सिंह ने केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच के बारे में युवाओं को बताया। उन्होंने सभी से ईमानदारी पूर्वक देश की उन्नति में योगदान देने की अपील की। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद रविशंकर प्रसाद, सांसद रामकृपाल यादव, नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा एवं सम्राट चौधरी, विधायक संजीव चौरसिया एवं अरुण सिन्हा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।    

 


संबंधित खबरें