पटना। केंद्रीय बजट पर चर्चा के लिए 1-12 फरवरी तक चलने वाले राष्ट्रीय अभियान के लिए नौ सदस्यीय समिति का गठन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया है। अभियान का संयोजन राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी करेंगे।
समिति ने अपनी पहली बैठक में निर्णय लिया है कि 4-5 फरवरी को देश की सभी राजधानी सहित 50 महत्वपूर्ण केंद्रों पर भारत सरकार के मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं आर्थिक विशेषज्ञ बजट पर चर्चा एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
प्रत्येक प्रदेश में इस कार्यक्रम के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष दो फरवरी को प्रेस वार्ता करेंगे।
सभी जिलों में सम्मेलन कर प्रखंड स्तर तक बजट की प्रमुख बातों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। केंद्रीय स्तर पर इस समिति में सुनील बंसल, राष्ट्रीय महामंत्री, किसान और युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत कई आर्थिक विशेषज्ञों को सदस्य बनाया गया है।