मुख्य समाचार

कंपनी को आगे बढ़ाने में मददगार है आईपीओ : एनएसई

पटना। एमएसएमई प्रक्षेत्र की 297 कंपनियां नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में लिस्टेड हैं। इन कंपनियों ने 4928.38 करोड़ रुपये का फंड पब्लिक इश्यू के माध्यम से प्राप्त किया है। कंपनियों को आगे बढ़ाने में आईपीओ से मिली पूंजी सहायक हो रही हैं। एनएसई के सीनियर मैनेजर प्रोसेनजीत पाल ने एक सेमिनार के दौरान यह जानकारी दी। सेमिनार का आयोजन बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) के सहयोग से किया गया।

प्रोसेनजीत पाल ने एमएसएमई कंपनियों को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में निबंधित होने तथा पब्लिक इश्यू जारी करने की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निबंधन और पब्लिक इश्यु जारी करने के साथ एनएसई की सारी गतिविधियां सेबी के कानून एवं दिशा-निर्देशों के तहत संचालित होती हैं।

मर्चेंट बैंकर कॉरपोरेट कैपिटल वेंचर के एसोसिएट पार्टनर नीरज चौधरी ने पब्लिक इश्यू जारी करने एवं एक्सचेंज बोर्ड पर लिस्टेड होने में एक मर्चेंट बैंकर की भूमिका की चर्चा की। उन्होंने बताया कि कौन सी कंपनी एनएससी बोर्ड पर निबंधित हो सकती हैं। निबंधन के लिए कौन सी अर्हता जरूरी है। निबंधन एवं पब्लिक इश्यू जारी करने में कितने फीस लगते हैं। किन वैधानिक प्रक्रिया को अनिवार्य रूप से पूरा करना जरूरी है।

प्लास्टिक बोतल के ढक्कन के निमार्ण में कार्यरत कूल कैप्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन राजीव गोयनका ने अपने अनुभवों को बताया। उन्होंने कहा कि कंपनी को आगे बढ़ाने के लिए उद्यमियों को अपनी कंपनी का आईपीओ लाने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। कंपनी की पब्लिक इश्यू जारी करने के पहले और वर्तमान स्थिति पर भी अपने सुझावों को रखा। कार्यक्रम में शामिल उद्यमियों के सवालों का भी  जबाब दिया।

बीआईए के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल, महासचिव गौरव साह एवं संजीव गोयनका ने भी अपने विचारों को रखा।  

 


संबंधित खबरें