पटना। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि नौकरी के बदले जमीन घोटाले में लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और मीसा भारती को सिर्फ जमानत मिली है। इन्हें दोषमुक्त या बरी नहीं किया गया है।
लालू प्रसाद की बीमारी और दो आरोपियों के महिला होने पर कोर्ट ने नरम रुख अपनाते हुए पचास हजार के मुचलके पर जमानत दी है। यह राहत कोई न्यायिक जीत नहीं है। इसका जश्न मना कर भ्रम फैलाया जा रहा है।
मोदी ने कहा कि अभियोग पत्र दायर होने के साथ जब ट्रायल शुरू होगा, तब उन्हें अपने गुनाह से जुड़े कठिन सवालों का जवाब देना ही पड़ेगा। कोर्ट में लालू प्रसाद को बताना होगा कि रेलवे में आदेशपाल हृदयानंद चौधरी ने अपनी कीमती जमीन उनके परिवार को गिफ्ट क्यों की ?
