पटना। बिहार में इथेनॉल उत्पादन से जुड़ी कंपनियों को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। इथेनॉल उत्पादन प्लांट की कमीशनिंग की समय सीमा बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गई है। बिहार के पूर्व उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने इसके लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री को धन्यवाद दिया है।
शाहनवाज हुसैन ने बताया कि बिहार की इथेनॉल उत्पादन यूनिट से तेल मार्केटिंग कंपनियों के साथ एग्रीमेंट के मुताबिक बिहार की सभी 17 इथेनॉल उत्पादन प्लांट की कमीशनिंग का समय 15 जनवरी, 2023 निर्धारित था। कुछ कंपनियों ने इथेनॉल का उत्पादन शुरू कर दिया है, लेकिन कुछ कंपनियों को कई वाजिब कारणों से निर्माण पूरा करने में देरी हो रही है।
केंद्र सरकार के अब बिहार की सभी इथेनॉल प्लांट की कमीशनिंग की समय सीमा 30 सितंबर 2022 तक बढ़ाने से बिहार के औद्योगिकीकरण में जुटे सभी गंभीर निवेशकों को बड़ी राहत मिली है। समय सीमा बढ़ने से उन्हें बैंक ऋण की अगली किस्त हासिल करने में भी सुविधा होगी। अभी 11 इथेनॉल कंपनियां निर्माणाधीन हैं। वे समय से निर्माण पूरा कर उत्पादन शुरू कर सकेंगी। तीन कंपनियों ने पहले ही निर्माण पूरा कर इथेनॉल का उत्पादन शुरू कर दिया है।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कुछ दिन पहले नालंदा के परवलपुर में बन रहे पांच सौ केएल की पटेल इंडस्ट्रीज के इथेनॉल प्लांट का जायजा लिया था। यहां बड़े क्षेत्र में इथेनॉल प्लांट का निर्माण होता देख काफी खुशी हुई। मेरी इच्छा है कि बिहार में स्वीकृत सभी इथेनॉल प्लांट्स से उत्पादन शीघ्र शुरू हो जाए।