मुख्य समाचार

हवाई सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार तैयार : शाहनवाज

पटना। विधान परिषद में ध्यानाकर्षण के दौरान बिहार के पूर्व उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने राज्य सरकार से मांग की है कि भागलपुर और पूर्णिया एयरपोर्ट के लिए शीघ्र जमीन उपलब्ध कराए। केंद्र सरकार राज्य में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने और एयरपोर्ट निर्माण के लिए तैयार है। राज्य सरकार के जमीन उपलब्ध कराते ही इन क्षेत्रों के लोगों का सपना पूरा हो सकेगा।

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि एयरपोर्ट के लिए जमीन राज्य सरकार उपलब्ध कराती है और निर्माण केंद्र सरकार कराती है। केंद्र सरकार चाहती है कि बिहार में हवाई यातायात की सुविधा बेहतर हो और यहां के लोग भी तरक्की करें।

भागलपुर में मौजूदा एयरपोर्ट की बाउंड्री पर 18 करोड़ राशि खर्च हो रही है, लेकिन भागलपुर को नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की जरूरत है। पूर्णिया एयरपोर्ट का काम सिर्फ 15 एकड़ जमीन के लिए फंसा हुआ है। अगर राज्य सरकार जमीन उपलब्ध करा दे, तो यहां शीघ्र एयरपोर्ट का काम शुरू हो सकता है।

उन्होंने कहा कि सब कुछ राज्य सरकार पर है कि वह कब तक एयरपोर्ट के लिए जमीन उपलब्ध कराती है। बिहार के हर प्रमंडल में एक एयरपोर्ट हो सकता है। इस समय देश में 150 से ज्यादा एयरपोर्ट ऑपरेशनल हैं जबकि 2014 तक देश में सिर्फ 74 हवाई अड्डे ऑपरेशनल थे।

गया में इंटरनेशनल एयरपोर्ट है, लेकिन वहां से बहुत कम उड़ाने हैं। विदेशों में रहने वाले बिहारियों को अपने घर आने के लिए अमेरिका, लंदन, दुबई, मॉरिशस से पहले मुंबई, कोलकाता, लखनऊ या दिल्ली आना पड़ता है। उसके बाद वे बिहार पहुंचते हैं जिसमें उन्हें परेशानी होती है।

केरल की आबादी चार करोड़ से भी कम है औऱ वहां चार अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं। केरल पांचवें एयरपोर्ट की मांग कर रहा है। पूर्व उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योग धंधे तैजी से बढ़ रहे हैं। बड़ी संख्या में अन्य राज्यों से निवेशक आ रहे हैं। उनकी जरूरतों को देखते हुए भी राज्य में नए एयरपोर्ट्स बनाने की जरूरत है।

बिहार विधान परिषद के ध्यानाकर्षण प्रश्नोत्तर के दौरान प्रभारी मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि पहले की तुलना में बिहार की परिस्थितियां बदल चुकी हैं। राज्य के औद्योगीकरण के लिए एयर कनेक्टिविटी पर ध्यान देना बेहद जरूरी है।

 

 


संबंधित खबरें