पटना। बिहार उद्योग संघ (बीआईए) से कंप्यूटर प्रशिक्षण पाने वाले युवाओं में प्रमाणपत्र वितरित किया गया। इस कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र से अब तक 1540 बच्चे प्रशिक्षित हो चुके हैं। एसोसिएशन के महासचिव गौरव साह ने बताया कि सरकार के कौशल विकास कार्यक्रम को मजबूती प्रदान करने के लिए बीआईए वर्ष 2015 से अपने परिसर में कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन कर रहा है।
संघ का मुख्य उद्देश्य राज्य के औद्योगीकरण, उद्योगों के संरक्षण के साथ उद्यमिता विकास के लिए इको सिस्टम भी तैयार करना है। बीआईए प्रशिक्षण केंद्र के लगभग 750 बच्चों को एसोसिएशन के सदस्यों के प्रतिष्ठानों सहित कई जगहों पर रोजगार मिले हैं। बीआईए ऑफिस में भी तीन लड़कियों को काम करने का अवसर मिला है।
गौरव साह ने कहा कि कई बच्चे ऐसे हैं, जिनके अभिभावक कंप्यूटर प्रशिक्षण का खर्च वहन करने में असमर्थ हैं। संघ ऐसे ही बच्चों की मदद के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन कर रहा है। तीन माह के एक बैच में चालीस प्रशिक्षणार्थी रहते हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर चर्चित अर्थशास्त्री नवल किशोर, बीआईए के उपाध्यक्ष अरबिंद कुमार एवं नरेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष मनीष कुमार, पूर्व अध्यक्ष रामलाल खेतान, पूर्व उपाध्यक्ष जी.पी. सिंह एवं पूर्व कोषाध्यक्ष मनीष कुमार तिवारी भी मौजूद रहे।
