मुख्य समाचार

भागलपुर में लेदर फैक्ट्री का पूर्व उद्योग मंत्री ने किया शुभारंभ 

भागलपुर। पूर्व उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में सत्ता परिवर्तन से पहले एनडीए सरकार में बेहतरीन टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी,2022 बनी। यह पॉलिसी देश की बेहतरीन पॉलिसी में से एक है। भागलपुर में उसी पॉलिसी के तहत चमड़े का सामान बनाने की फैक्ट्री का शुभारंभ कर बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। फैक्ट्री भागलपुर के बियाडा औद्योगिक क्षेत्र में है।

पूर्व उद्योग मंत्री ने बताया कि एनडीए सरकार में बिहार टेक्सटाइल एंड लेदर पॉलिसी,2022 का जो पेड़ लगा था। आज उसका फल मिल रहा है। हमने बिहार में उद्योग की ज़मीन 60 फीसदी तक सस्ती कर दी थी। कई तरह की रियायतें दी गईं। 

इसका लाभ उठाकर नंदीकेस जैसे युवा उद्यमी ने मुंबई से आकर बिहार में लेदर फैक्ट्री खोली है। वे बिहार में बना चमड़े का सामान फ्लिपकार्ट और अमेजन के जरिये देश के दूसरे हिस्सों में भेज रहे हैं। 

रतनमाला लेदर गुड्स एंड एसेसरीज यूनिट के निदेशक नंदीकेस कुमार को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 35 लाख का लोन भी मिला है। इससे इनका सपना पूरा होने के साथ रोजगार के भी अवसर पैदा हुए ।

भागलपुर में तेलघी खरिक के रहने वाले नंदीकेस ने बताया कि उन्हें बरारी औद्योगिक क्षेत्र में सस्ती जमीन और बना हुआ शेड मिल गया। इससे फैक्ट्री खोलने में बहुत सहूलियत हुई। उनके यहां ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह की सुविधाएं हैं। फैक्ट्री में लेडीज, स्कूल बैग से लेकर हर तरह के बैग तैयार होते हैं ।

पूर्व उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी, 2022 बहुत ही शानदार है। बिहार सरकार को चाहिए कि इस पॉलिसी के तहत देश के बड़े उद्योगपतियों को बिहार लाने को कोशिश करें।
 


संबंधित खबरें