पटना। उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने निवेशकों से कहा कि बिहार आइए, समझिए और इसके बाद अपनी राय बनाइए। बिहार में निवेश से पहले उन्हें बिहार की आधारभूत संरचना और औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध सुविधाओं को समझना चाहिए। बिहार का औद्योगिक माहौल बेहतरीन है।
उद्योग मंत्री अधिवेशन भवन में बिहार इन्वेस्टर्स मीट, 2023 के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन उद्योग विभाग ने किया था। इसमें बड़ी संख्या में निवेशकों ने हिस्सा लिया।
उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार की औद्योगिक नीति की जानकारी देने, उद्यमियों को जोड़ने और प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन किया गया है। रोजगार के क्षेत्र में बिहार को आगे ले जाना है। देश-दुनिया में फैले बिहार के लोगों को आपस में जोड़ना है।
बिहार संभावनाओं की भूमि है। सब मिलकर प्रयास करेंगे तो बिहार आगे बढ़ेगा। उद्योग विभाग में ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से बियाडा की जमीन का आवंटन होता है। निवेशकों के लिए ऑनलाइन सिंगल विंडो भी खुला है। बैंक भी बिहार के उद्यमियों की मदद के लिए संकल्पित हैं।
उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौंडरीक ने बिहार की औद्योगिक नीति एवं औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध जमीन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 13 औद्योगिक क्षेत्रों में लगभग 24 लाख वर्ग फीट का प्लग एंड प्ले बनाया जा रहा है। यहां उद्योगपति अपनी मशीन लगाकर उत्पादन कुछ ही दिनों में शुरू कर सकते हैं। मुजफ्फरपुर के बैग और टेक्सटाइल कलस्टर में कई उद्यमियों ने 40 से 45 दिनों में उत्पादन शुरू किया है।
कृषि विभाग के प्रधान सचिव डॉ बी.राजेंदर ने कृषि क्षेत्र में निवेश और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन की जानकारी दी। खाद्य प्रसंस्करण निदेशक विवेक रंजन मैत्रेय ने फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र की संभावनाओं को विस्तार से बताया। एसबीआई के सीजेएम शिव ओम दीक्षित, पीएनबी के जोनल मैनेजर सुधांशु शेखर दास एवं इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने भी अपने विचारों को रखा।