पटना नगर निगम के स्वच्छता जागरूकता सांस्कृतिक अभियान में आईएएस अधिकारी डॉ रंजीत कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में सभी को भाग लेना चाहिए। घर और ऑफिस के साथ आसपास के वातावरण को भी साफ रखना हमारी जवाबदेही है। स्वच्छ माहौल में ही हम बेहतर काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में सिंगल यूज प्लास्टिक को अलविदा कहना सबके हित में है।
पटना नगर निगम के स्वच्छता जागरूकता सांस्कृतिक अभियान का संचालन कर रहीं प्रसिद्ध लोक गायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में सिटीजन फीडबैक का काफी महत्व है। इसलिए सभी वरीय नागरिक और युवा उत्साह के साथ स्वच्छता सर्वे में भाग लें।
इसके लिए क्यूआर कोड जारी किया गया है। इसके माध्यम से स्वच्छता सर्वे के पोर्टल पर जाकर चार सरल प्रश्नों के उत्तर देने हैं। उन्होंने लोकगीतों के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता के संबंध में अपील की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में डॉ नीतू, विनोद पंडित, आशीष पंडित और धीरज कुमार ने अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में प्रिया रंजन, नीलू कुमार, पुरुषोत्तम, अंशु प्रिया, अजीत, रजनीश, सोनू एवं अजय कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मौके पर मेरा शहर मेरी जवाबदेही विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता में शामिल सभी लोगों को सम्मानित किया गया।