बेंगलुरु में हुई विपक्षी दलों की दूसरी बैठक में देश की 26 पार्टियां शामिल हुईं। बिहार से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार,डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव एवं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव शामिल हुए। बैठक में तय हुआ कि विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इनक्लूसिव एलायंस (इंडिया) के नाम से चुनाव लड़ेगा। पटना में 23 जून को विपक्षी दलों की पहली बैठक हुई थी। इसमें 15 दलों के नेता शामिल हुए थे।
बेंगलुरु बैठक के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने कहा कि ’इंडिया‘ नाम पर सबकी सहमति है। 11 सदस्यों की समन्वय समिति बनेगी। मुंबई में होने वाली अगली बैठक में समन्वय समिति के सदस्यों के नाम की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव प्रचार प्रबंधन के लिए दिल्ली में एक सचिवालय बनेगा।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हमारी लड़ाई भाजपा की विचारधाराओं के खिलाफ है। देश की आवाज को दबाया जा रहा है। अब लड़ाई एनडीए और इंडिया के बीच है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एवं अरविंद केजरीवाल, पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे।