राज्य में पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले राजमार्गों के किनारे रेस्टोरेंट (सत्कार केंद्र) खोलने पर राज्य सरकार ने पचास लाख रुपये तक मदद देने का निर्णय लिया है। बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है।
बीआईए के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने कहा कि प्रोत्साहन का दूरगामी प्रभाव राज्य में पर्यटन क्षेत्रों के विकास पर पड़ेगा। पर्यटन विभाग ने इसके लिए राज्य के 23 राजमार्गों का चयन किया है। उम्मीद है भविष्य में और नये राजमार्गों का चयन कर सत्कार केंद्र को प्रोत्साहित किया जाएगा।
कंप्यूटर आयात पर प्रतिबंध लगाने का स्वागत : सभी तरह के कंप्यूटर, लैपटॉप एवं टैबलेट के आयात पर प्रतिबंध लगाए जाने के निर्णय का बीआईए ने स्वागत किया है। एसोसिएशन के महासचिव गौरव साह ने कहा कि इससे मेक-इन-इंडिया कार्यक्रम को बल मिलेगा। स्थानीय उद्योगों को विकसित होने का मौका एवं सुरक्षा संबंधित लाभ मिलेगा। बाहर से आयात होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से भी साइबर अपराध को बढ़ावा मिलता है।