राहुल गांधी से संबंधित मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का आरजेडी ने स्वागत किया है। आरजेडी प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि यह जीत सिर्फ राहुल गांधी की नहीं बल्कि देश की जनता की जीत है। यह सत्य और न्याय के साथ देश की लोकतांत्रिक मर्यादाओं की जीत है।
आरजेडी प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी की सांसदी जाने के 133 दिन बाद सुप्रीम कोर्ट ने उस फैसले पर ही रोक लगा दी, जिसकी वजह से उनकी सांसदी गई थी। राहुल गांधी को मोदी सरनेम से जुड़े मानहानि केस में निचली अदालतों ने दो साल की सजा सुनाई थी। अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि जब तक राहुल गांधी की याचिका पर सुनवाई पूरी नहीं होती, तब तक दोषसिद्धि पर रोक रहेगी। सुनवाई की नई तारीख अभी नहीं बताई गई है।