मुख्य समाचार

उपेंद्र महारथी संस्थान में नए क्राफ्ट सेंटर का शुभारंभ

उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान के क्राफ्ट सेंटर का उद्घाटन बिहार के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने किया। इस अवसर पर उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौंडरीक, संस्थान के निदेशक विवेक रंजन मैत्रेय, विशेष सचिव दिलीप कुमार और मनीष कुमार उपस्थित रहे। 

इस मौके पर उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार की कला को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाने में उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान की विशेष भूमिका है। बिहार की मधुबनी पेंटिंग एथेंस के म्यूजियम के साथ अमेरिका के बाजार में भी दिखती है। जापान में मधुबनी पेंटिंग पर पूरा संग्रहालय ही है। संस्थान के छह मासिक कार्यक्रम में 18 विभिन्न शिल्पों में लगभग चार सौ लोगों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संस्थान से प्रशिक्षित बच्चे भविष्य के बेहतर कलाकार हैं।

उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ने कहा कि कला की ट्रेनिंग साधना है। कला साधना पूरी गंभीरता के साथ करनी चाहिए। लगातार प्रयास करें और अपने आपको तरासते रहें। इससे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान मिलेगी।

उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान के निदेशक विवेक रंजन मैत्रेय ने बताया कि पटना स्थित संस्थान के क्राफ्ट केंद्र निर्माण के लिए 29.90 करोड़ की योजना स्वीकृत है। इसके तहत ब्लॉक एक, ब्लॉक दो और ब्लॉक छह बनकर तैयार हो गया है। दो और ब्लॉक का निर्माण शीघ्र पूरा हो जाएगा। नए भवनों के निर्माण से मधुबनी पेंटिंग, टिकुली आर्ट और दूसरी कलाओं के प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो गई हैं। 

क्राफ्ट सेंटर के उद्घाटन के अवसर पर पर्यवेक्षक बृजेश कुमार सिंह, उद्योग विस्तार पदाधिकारी अरमान अली, मुकेश कुमार, राहुल कुमार एवं सुजीत कुमार भी मौजूद रहे।
 


संबंधित खबरें