बिहार उद्योग संघ (बीआईए) में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 23 सितंबर को है। अध्यक्ष पद के एक उम्मीदवार एमपी बिदासरिया का कहना है कि कंपनी एक्ट के प्रावधानों के तहत अध्यक्ष पद (डीम्ड मैनेजिंग डायरेक्टर) का चुनाव नहीं हो रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने रजिस्ट्रार ऑफ कंपनी से की है।
रजिस्ट्रार ऑफ कंपनी को भेजे पत्र में बिदासरिया ने कहा है कि बीआईए कंपनी एक्ट के तहत निबंधित है। अध्यक्ष पद के दूसरे उम्मीदवार केपीएस केशरी की उम्र 70 वर्ष से अधिक है। ऐसी स्थिति में कंपनी एक्ट के प्रवधानों के अंतर्गत उनकी उम्मीदवारी सही नहीं है।
बिहार उद्योग संघ चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर सह सचिव अनिल सिन्हा का कहना है कि चुनाव में पूरी तरह नियमों का पालन हो रहा है। बीआईए में सभी पदों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 80 वर्ष है। चुनाव के लिए एक कमिटी बनी है। इसके सदस्य एसपी सिन्हा, संजय गोयनका, जीपी सिंह एवं निशिथ जायसवाल हैं।