बिहार में उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने कई कदम उठाए हैं। हमलोगों ने ऐसी पॉलिसी बनायी है कि यहां अधिक से अधिक निवेश हो सके। साथ ही रोजगार का भी सृजन हो। उद्योग विभाग के साथ समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ये बातें कहीं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हमलोगों का उद्देश्य है कि जो भी पॉलिसी बने, उससे निवेशकों को अधिक से अधिक प्रोत्साहन मिले। उद्योग-धंधे स्थापित करने में उन्हें कोई असुविधा नहीं हो। जो भी पॉलिसी बनी है। उसकी मॉनिटरिंग ठीक ढंग से करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल के दौरान बिहार के बाहर काम करनेवाले लोगों को यहां अपना काम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कई लोगों ने बिहार आकर अपना रोजगार भी शुरू किया। हमने उनके काम को देखा है।
उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौंड्रिक ने बैठक में बिहार लॉजिस्टिक पॉलिसी 2023 के प्रारूप की जानकारी दी। उन्होंने इस नीति में समाहित परियोजनाएं एवं प्रोत्साहन के लिए अनुदान से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
आईटी एवं पर्यटन विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने भी बिहार आईटी नीति एवं पर्यटन नीति 2023 की विस्तृत जानकारी दी।
