मुख्य समाचार

बिहार लघु उद्यमी योजना का शुभारंभ, स्व-रोजगार में मिलेगी मदद

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार लघु उद्यमी योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने पोर्टल का लोकार्पण एवं योजना से जुड़ी पुस्तिका का भी विमोचन किया। डिप्टी सीएम सह उद्योग मंत्री सम्राट चौधरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक रूप से गरीब परिवारों के स्व-रोजगार के लिए बिहार लघु उद्यमी योजना शुरू की गयी है। जाति आधारित गणना से जानकारी मिली कि बिहार में 94 लाख से अधिक गरीब परिवार हैं। इन्हें आर्थिक मदद की जरूरत है। 

ऐसे सभी परिवार के लाभुकों को दो-दो लाख रुपये की सहायता मिलेगी। इस राशि से वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे। इसके लिए ट्रेनिंग भी अलग से दी जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में जितना पैसा लगेगा, सरकार खर्च करेगी।

योजना में 61 छोटे-छोटे उद्यम को शामिल किया गया है। इसके लिए पोर्टल पर 20 फरवरी तक आवेदन करना है। आवेदक की उम्र 18 से 50 वर्ष और परिवारिक आय प्रतिमाह छह हजार रुपये से कम होनी चाहिए।

लाभुकों को तीन किस्तों में राशि मिलेगी। पहली किस्त में परियोजना लागत की 25 प्रतिशत, दूसरी किस्त में 50 प्रतिशत एवं तीसरी किस्त में 25 प्रतिशत राशि मिलेगी। योजना के कार्यान्वयन के लिए राज्य अनुश्रवण समिति एवं जिला स्तर पर जिला अनुश्रवण समिति का गठन किया जायेगा।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार एवं डॉ एस. सिद्धार्थ, उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौंड्रिक, उद्योग निदेशक पंकज दीक्षित, हस्तकरघा निदेशक विवेक रंजन मैत्रेय, तकनीकी विकास निदेशक विशाल राज मौजूद रहे। सभी डीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।
 


संबंधित खबरें